अनुज कुमार पाण्डेय, गोपालगंज। जिले में रविवार की शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसा में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के फतहा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-531 की है, जहां दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 निवासी 40 वर्षीय राहुल कुमार सिंह के रूप में की गई है, जो शिक्षा विभाग में हेड क्लर्क के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में उनकी पदस्थापना सेमरा हाईस्कूल में थी। वह स्व. राजीव रंजन सिंह के पुत्र थे।
अनियंत्रित बाइक से हुई जोरदार टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम राहुल कुमार सिंह अपनी मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में एनएच-531 से होकर गुजर रहे थे। जैसे ही वह फतहा गांव के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार दूसरी बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि राहुल कुमार सिंह उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
अत्यधिक रक्तस्राव और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दुर्घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत नगर थाना पुलिस को दी।
दूसरे बाइक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से अपनी गाड़ी लेकर फरार होने में कामयाब रहा। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार बाइक सवार की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की खबर जैसे ही राहुल कुमार सिंह के परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। घर के कमाऊ सदस्य की इस तरह अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।शिक्षा विभाग के सहकर्मियों और सेमरा हाईस्कूल के शिक्षकों को जब इस दुखद घटना की जानकारी मिली, तो पूरा महकमा शोक में डूब गया। सहकर्मियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ और मृदुभाषी अधिकारी बताते हुए इस असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
ये भी पढ़ें- भागलपुर में थार-ट्रक के बीच भीषण टक्कर, दो लोगों की मौके पर मौत, तीसरा गंभीर

