अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले में आज रविवार (4, अक्टूबर) को हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना अकबरनगर थाना क्षेत्र के खैरहिया के समीप फोरलेन की है, जहां थार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि थार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई थार

खैरहिया के समीप फोरलेन पर थार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर के बाद थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही अकबरनगर थाना पुलिस मौके भी पर पहुंची। इस हादसे में थार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। घायल को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल भेजा गया।

पटना सिटी के निवासी थे मृतक

मृतकों की पहचान गौलू कुमार और अमर सिंघानिया, दोनों पटना सिटी निवासी, के रूप में बताई जा रही है। वहीं घायल की पहचान संजय सिंघानिया, पटना सिटी निवासी, के रूप में बताई गई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। वहीं, दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

ये भी पढ़ें- जमुई सदर अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत से हड़कंप, मंत्री श्रेयसी सिंह ने लगाई फटकार