संजीव, सोनीपत। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ( Education Minister Mahipal Dhanda) ने सोनीपत में लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। मंत्री ने कहा कि जनता की शिकायतों को दूर करने में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। अगर किसी अधिकारी ने लापरवाही बरती या काम को बिना वजह अटकाया, तो उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि हर अधिकारी को पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।
कष्ट निवारण समिति की बैठक में फैसला
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा शुक्रवार को सोनीपत के लघु सचिवालय में जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति (District Grievance and Redressal Committee )की बैठक ले रहे थे। इस बैठक में कुल 16 पुरानी और नई शिकायतें सामने आईं। मंत्री ने तत्परता दिखाते हुए 09 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया। बाकी बचे 07 मामलों के लिए उन्होंने संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक से पहले इन सभी मामलों की जांच पूरी हो जानी चाहिए।

जेई पर गिरी गाज, बिल भरने से मिली राहत
बैठक में शास्त्री कॉलोनी (shastri colony) की रहने वाली सुनीता देवी ने बिजली विभाग (बिजली department ) की बड़ी लापरवाही उजागर की। सुनीता ने बताया कि नया मीटर लगने के बाद भी विभाग ने उन्हें 71 हजार रुपये से ज्यादा का भारी-भरकम बिल थमा दिया। जांच में पता चला कि विभाग के जेई ने नए मीटर की जानकारी सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज ही नहीं की थी। इस पर मंत्री ने तुरंत एक्शन लेते हुए दोषी जेई के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। साथ ही उपभोक्ता को यह गलत बिल न भरने की बड़ी राहत दी।
अवैध कब्जे और गबन के मामलों पर बनी कमेटी
बैठक में जमीन और पैसों के गबन से जुड़े कई गंभीर मामले भी आए। अहमदपुर (ahmedpur) में सिंचाई के पानी के रास्ते पर कब्जे की शिकायत पर मंत्री ने उपायुक्त की अध्यक्षता में एक टीम बनाई। इसके अलावा कुराड़ गांव में एक स्कूल द्वारा पैसों के गबन की शिकायत की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त को जिम्मेदारी सौंपी गई। पैतृक संपत्ति हड़पने के मामले में सोनीपत के एसडीएम को जांच करने के लिए कहा गया है।
पीने के पानी और सुरक्षा पर भी दिए निर्देश
निजामपुर माजरा गांव (nijampur majara village) के लोगों ने पीने के पानी की किल्लत की बात उठाई। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि आधे गांव में पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है और बाकी का काम अगले एक महीने में शुरू हो जाएगा। मंत्री ने निर्देश दिए कि हर घर तक साफ पानी पहुंचना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस को धार्मिक स्थलों के आसपास गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की हिदायत दी। इस बैठक में क्षेत्र के कई विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

