कुंदन कुमार, पटना। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी एक बार फिर से सुर्खियों में हैं, जिसमें अपने आप को वह राज्य का स्वास्थ्य मंत्री बतला रहे हैं। मिथिलेश तिवारी के 22 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोग उन्हें काफी ट्रोल भी कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में मिथिलेश तिवारी यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि, ‘बिहार में काफी कुछ करने की जरूरत है। और हम लोग करेंगे। और ये अवसर है, हमारे लिए। हमारी पार्टी ने, हमारी सरकार ने मुझे ‘स्वास्थ्य मंत्री’ की जिम्मेदारी दी है। हमारा मंत्रालय बिहार के एक- एक घर के बच्चों से जुड़ा हुआ मंत्रालय है। बिहार की शिक्षा ही समृद्धि का आधार बने। इसके लिए काम करेंगे और काम हमने शुरू कर दिया है।’
झांड़-फूंक वाला वीडियो भी हुआ था वायरल
बता दें कि इससे पहले भी शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वह शिक्षा मंत्री का पदभार संभालने के बाद बीते 10 मई को बाबा काल भैरव की पूजा-अर्चना करने वाराणसी पहुंचे थे। इस दौरान बाबा काल भैरव के मंदिर में मौजूद पुजारी उन्हें जिस तरह से आशीर्वाद दे रहे थे, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। वहीं, इस वीडियो के सामने आने के बाद उन्हें शिक्षा मंत्री बनाए जाने के बाद झांड़-फूंक कराने पर विश्वास करने को लेकर लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल भी किया था।
पहली बार मिला है मंत्रालय
बता दें कि मिथिलेश तिवारी गोपालगंज के बैकुंठपुर सीट से बीजेपी के विधायक हैं। इससे पहले उन्होंने बक्सर से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था। वह लंबे समय तक बीजेपी में प्रदेश महामंत्री भी रहे। हालांकि बिहार सरकार में पहली बार वह मंत्री बने हैं, उन्हें शिक्षा मंत्री बनाया गया है। वहीं पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत को स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि मीडिया से बातचीत के दौरान मिथिलेश तिवारी ने खुद को स्वास्थ्य मंत्री बता दिया, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- छपरा में मरीन ड्राइव की तर्ज होगा गंगा-अंबिका पथ का निर्माण, सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

