Bihar News: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर विवादित बयान दिया है। मिथिलेश तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, ये जो लोग सड़क पर हैं, वो छात्र नहीं है। वो छतरी हैं। ये लोग किसी की छतरी हैं और ये उनके लिए काम कर रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि, जो देश को अस्थिर करना चाहते हैं, उनसे अपील नहीं किया जाता है। उनकी दवाई की जाती है। छात्रों को मैं ऐसे लोगों से सावधान करना चाहता हूं। छात्र इनके चक्कर में ना पड़े। यह आपको और देश को घनचक्कर में डालेंगे।
स्कूलों के भगवाकरण पर कही ये बात
वहीं, जब उनसे यह पूछा गया की बिहार में 500 से अधिक स्कूलों को भगवाकरण किया गया है, जिसे लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है। इसपर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, हमने 511 मॉडल स्कूल खोले हैं, जिनका नाम सरस्वती विद्या निकेतन रखा है, तो क्या उसका चरवाहा विद्यालय नाम रखते? इसमें दिक्कत क्या है? सूरज का भी रंग तो भगवा होता है। तो क्या यह लोग सूर्य भगावन को भी उगने से रोक देंगे?
BPSC परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों को बताया था कुत्ता
गौरतलब है कि हालही में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छात्रों को लेकर विवादित बयान दिया था। दरअसल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब पत्रकारों ने गर्दनीबाग में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा, एक कहावत आपने सुना होगा, हाथी चले बाजार तो कुत्ते भौंके हजार।
परीक्षा नियंत्रक की इस अमर्यादित टिप्पणी पर छात्र भड़क उठे और वहीं, विपक्ष के नेता भी हमलावर हो गए। हंगामा बढ़ता देख सीएम सम्राट चौधरी ने इस बेतुका बयान के लिए राजेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया था। वहीं, अब यह देखने वाली बात होगी की शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी द्वारा छात्रों को छतरी बताने पर क्या कुछ एक्शन होता है?
18 अगस्त से सड़क पर हैं छात्र
बता दें कि BPSC 70वीं की परीक्षा को रद्द कराने समेत अन्य कई मांगों को लेकर कल राजधानी पटना में छात्र सड़क पर थे। छात्रों ने गांधी मैदान से अपना मार्च शुरू किया और सीएम आवास का घेराव करने के लिए निकले। इस दौरान कई जगहों पर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़ दिया गया। हालांकि डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने छात्रों को रोक दिया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए उनपर वाटर कैनन का प्रयोग किया और लाठियां भी बरसाईं। इस दौरान कुछ छात्र और पुलिसकर्मी घायल भी हुए।
ये भी पढ़ें- ‘घायल छात्रों का घंटों नहीं हुआ इलाज’, तेजस्वी यादव का बड़ा दावा, CM से माफी की मांग


