कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना में कल 25 अगस्त को टीआरई-4 समेत अन्य भर्तियों की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों के छात्र सीएम आवास का घेराव करने निकले थे। इस दौरान डाकबंगला चौराहे के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान उनपर लाठीचार्ज भी किया गया और वाटर कैनन का भी प्रयोग किया। लाठीचार्ज के दौरान कुछ छात्र घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। इस बीच देर रात नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पीएमसीएच अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती छात्रों से मुलाकात की और उनका हाल जाना।

तेजस्वी का दावा- घंटों तक नहीं मिला उपचार

तेजस्वी यादव ने आज बुधवार (26 अगस्त) को घायल छात्रों से मुलाकात की एक वीडियो एक्स पर साझा करते हुए यह आरोप लगाया कि, इमरजेंसी में भर्ती घायलों का घंटों तक उपचार भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि, देश के सबसे अधिक युवा आबादी वाले सबसे नौजवान प्रदेश बिहार में छात्रों और युवाओं का भविष्य मोदी एंड कंपनी द्वारा बेरहमी से रौंदा जा रहा है। अपने हक-अधिकार के लिए आवाज उठाने वाले प्रदर्शनकारियों पर AK-47 से गोलियां और लाठियां बरसाई जा रही हैं। पुलिस कार्रवाई को लेकर एक्सीडेंटल सीएम सम्राट चौधरी को तुरंत छात्रों से माफी मांगनी चाहिए।

छात्रों पर लाठीचार्ज को बताया शर्मनाक

मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ हैं और उनकी सभी मांगे जायज हैं। वहीं, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को उन्होंने गलत और तानाशाही रवैया करार दिया। उन्होंने कहा कि, प्रदर्शनकारियों पर सरकार की यह बर्बरता निंदनीय और शर्मनाक है। विपरीत परिस्थितियों में भी अस्पताल में भर्ती छात्रों के जोश-जज़्बे व उत्साह में कहीं कोई कमी नहीं है। हमेशा की भांति पढ़ाई की लड़ाई में हमारा स्नेह, सहयोग और समर्थन हमेशा छात्रों के साथ रहेगा और अंत में हम यह लड़ाई जीतेंगे।

यह लाठी और गोली वाली सरकार- तेजस्वी

वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी ने कहा कि, यह दुख की बात है कि यह सरकार लाठी और गोली वाली सरकार है। यह छात्रों पर AK-47 और लाठियां चलाती है। चुनाव से पहले सरकार कहती थी कि वे 1 करोड़ नौकरियां देगी। अब, चुनाव के बाद, पेपर लीक हो रहे हैं। लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं। भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। हम मुश्किल समय में छात्रों के साथ खड़े हैं।

ये भी पढ़ें- चिराग पासवान के विधायक अमित कुमार रानू की बढ़ी मुश्किलें, 8 मामलों में नामजद, पुलिस जल्द करेगी गिरफ्तार!