कुंदन कुमार, पटना। BPSC TRE-4 बहाली को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। दरअसल आज प्रदेश स्थित भाजपा कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहुंचे हुए थे। लोगों की शिकायतें सुनने के बाद मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, सबसे ज्यादा शिकायत शिक्षा विभाग को लेकर ही था। शिकायतें आ रही हैं। हमने शिकायत के लिए सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया है। लोगों की शिकायत सुनकर हम उसका समाधान करेंगे। शिक्षकों को भी कोई दिक्कत नहीं होगी। इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
जुलाई में निकलेगा विज्ञापन- शिक्षा मंत्री
वहीं, आगे बड़ा बयान देते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि, TRE 4 की बहाली को लेकर कहा कि जुलाई महीने में विज्ञापन निकाल दिया जाएगा। गौरतलब है कि अभ्यर्थी लंबे समय से TRE 4 भर्ती को लेकर विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं। पटना में बीते दिनों सड़क पर निकले बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन भी किया था। इस दौरान पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज भी किया था, जिसमें कई छात्रों को चोट आई थी। वहीं, कुछ छात्र नेताओं को गिरफ्तार करने के साथ ही 5000 से अधिक अभ्यर्थियों के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई थी।
46,595 पदों पर होनी है भर्ती
आपको बता दें कि TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। इसके लिए प्रस्ताव फरवरी में ही BPSC को भेजी गई थी, जिसे शिक्षा विभाग ने संशोधित कर वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल किया। लेकिन आवेदन प्रक्रिया को लेकर कोई सूचना अभी तक नहीं जारी की गई। सूत्रों के अनुसार परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित हो सकती है और परिणाम नवंबर में जारी होने की उम्मीद है।
पहली बार लागू होगी डोमिसाइल नीति
इस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी। कक्षा 1 से 12 तक के शिक्षकों के अलावा विभिन्न कल्याण विभागों में भी नियुक्तियां होनी है। TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के जरिए बीते दो सालों में लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही की जा चुकी है।
ये भी पढ़ें- कागज पर दम तोड़ रही बिहार सरकार की ‘हर घर नल का जल’ योजना, PHED मंत्री ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

