Automobile Desk: इटली के मिलान शहर में ऑटो शौकीनों का पसंदीदा मेला यानी EICMA 2026 अपनी पूरी रंगत में जारी है। 3 से 8 नवंबर तक चलने वाले इस 83वें ऑटो शो में दुनिया भर की दिग्गज टू-व्हीलर कंपनियों ने एक से बढ़कर एक मॉडल पेश किए हैं। इस बार प्रदर्शनी का बड़ा आकर्षण भारतीय कंपनियां और भारत में बनने वाली बाइक्स रही हैं।

ऐडवेंचर और क्रूजर से लेकर सुपरस्पोर्ट कैटेगरी तक, अलग-अलग ब्रांड्स ने अपनी नई बाइक्स का जलवा बिखेरा है। इनमें से कई मॉडल आगामी 1 से 2 सालों के भीतर भारतीय सड़कों पर दौड़ते नज़र आ सकते हैं। यहां जानिए इस शो में पेश की गई ऐसी ही 5 प्रमुख मोटरसाइकिलों का पूरा ब्योरा:

Hero XPulse 450

हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी बहुप्रतीक्षित XPulse 450 के प्रोडक्शन मॉडल को आखिरकार सार्वजनिक कर दिया है। यह ब्रांड की सबसे पावरफुल ऐडवेंचर बाइक के रूप में पहचान बनाएगी। इसमें 421cc क्षमता का फोर-वॉल्व, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 9,100 rpm पर 46 bhp की ताकत और 7,500 rpm पर 38 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आने वाली इस बाइक में स्लिप एंड असिस्ट क्लच मौजूद है। उबड़-खाबड़ रास्तों के लिए इसमें 225 मिमी ट्रैवल वाला एडजस्टेबल सस्पेंशन दिया गया है। राइडर की सहूलियत के लिए TFT स्क्रीन में एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले कनेक्टिविटी के अलावा चार अलग-अलग राइडिंग मोड, क्रूज कंट्रोल और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे आधुनिक फीचर्स शामिल किए गए हैं। अगले साल के मध्य या उत्तरार्ध तक इसकी घरेलू बाजार में एंट्री होने की उम्मीद है।

Royal Enfield Himalayan 750

रॉयल एनफील्ड ने अपनी तक की सबसे बड़ी और ताकतवर ऐडवेंचर बाइक Himalayan 750 को पेश किया है। लंबे सफर और कठिन रास्तों को ध्यान में रखते हुए इसमें फुली एडजस्टेबल सस्पेंशन सेटअप, 5 राइडिंग मोड्स, कॉर्नरिंग ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल और क्रूज कंट्रोल दिया गया है। एडवांस राइडिंग डेटा के लिए बाइक 6-एक्सिस IMU और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) से लैस है। 224 किलोग्राम कर्ब वेट वाली इस बाइक की आधिकारिक कीमतों का ऐलान चालू माह के अंत में आयोजित होने वाले मोटोवर्स (MotoVerse) इवेंट के दौरान किया जा सकता है।

Harley-Davidson Sprint 440

हार्ले-डेविडसन ने हीरो मोटोकॉर्प की साझेदारी में नई Sprint 440 को दुनिया के सामने रखा है। हालांकि यह भारत में पहले से मौजूद X440 के प्लेटफॉर्म पर ही तैयार की गई है, लेकिन इसका एक्सटीरियर लुक काफी अलग और नया है। अमेरिका स्थित मिलवॉकी हेडक्वार्टर में डिजाइन की गई यह बाइक पारंपरिक हार्ले क्रूजर की छाप छोड़ती है। ग्लोबल मार्केट में उतारने के बाद कंपनी इसे भारतीय सड़कों पर भी पेश करेगी।

BMW F 450 RR

एमडब्ल्यू ने अपनी नई फेयर्ड सुपरस्पोर्ट बाइक F 450 RR को पेश किया है, जिसे भारत निर्मित F 450 GS के बेस पर तैयार किया गया है। बाइक में 421cc का पैरेलल-ट्विन इंजन लगा है, जो 47 bhp की पावर और 43 Nm का टॉर्क निकालने में सक्षम है। 177 किलोग्राम वजन वाली यह स्पोर्ट्स बाइक 2026 के अंत तक या 2027 की शुरुआत में भारतीय बाजार का रुख कर सकती है।

TVS Apache RTR 125 LC

टीवीएस मोटर कंपनी ने 125cc सेगमेंट में अपनी स्पोर्टी पेशकश Apache RTR 125 LC से पर्दा हटाया है। इसमें फोर-वॉल्व, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 9,000 rpm पर 14.7 bhp की मैक्सिमम पावर देता है। इसे अभी अंतरराष्ट्रीय बाजारों को ध्यान में रखकर लाया गया है, लेकिन भारतीय बाजार में 125cc सेगमेंट की मजबूत मांग को देखते हुए कंपनी आने वाले समय में इसे यहां भी लॉन्च करने का फैसला ले सकती है। इसका आक्रामक डिजाइन और आधुनिक फीचर्स इसे रूटीन कम्यूटर बाइक्स से अलग खड़ा करते हैं।