पानीपत । हरियाणा के पानीपत में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग दंपती द्वारा नहर में छलांग लगाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि असंध की गीता कॉलोनी निवासी दंपती सिवाह नहर पुल के पास पहुंचे और वहां से नहर में कूद गए।
जानकारी के अनुसार दोनों असंध से स्कूटी पर सवार होकर पानीपत पहुंचे थे। घटना के बाद उनकी स्कूटी नहर किनारे खड़ी मिली, जबकि चप्पलें भी स्कूटी पर ही रखी हुई थीं। आशंका जताई जा रही है कि किसी लेनदेन विवाद या घरेलू कलह के चलते दंपती ने यह कदम उठाया।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
स्थानीय लोगों ने दोनों को नहर में डूबते देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही Haryana Police की इसराना थाना टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं तलाश अभियान शुरू किया गया।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में दोनों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही असंध से परिजन भी पानीपत पहुंच गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दंपती की तलाश जारी है।

