अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां बिलरूआं गांव में आज गुरुवार की दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पास ही खड़ी एक 20 वर्षीय युवती आंशिक रूप से झुलसकर घायल हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।

​मवेशी लाने गए थे बुजुर्ग

मिली जानकारी के अनुसार, बिलरूआं गांव निवासी राजमंगल यादव गुरुवार की दोपहर अपने मवेशियों को वापस लाने के लिए सरेह जा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और कड़कड़ाहट के साथ तेज आकाशीय बिजली सीधे राजमंगल यादव के ऊपर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से वे बुरी तरह झुलस गए। वहीं, उनसे कुछ ही दूरी पर खड़ी हरि यादव की 20 वर्षीय पुत्री भी इस आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

​घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए विजयीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। अस्पताल लाते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद बुजुर्ग राजमंगल यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल युवती का इलाज सीएचसी में जारी है, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

​प्रशासन ने दिया मुआवजे का आश्वासन

​घटना की सूचना मिलते ही विजयीपुर के अंचल अधिकारी तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। अंचल अधिकारी ने परिजनों को सरकारी मियाद के अनुसार जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाने का पूरा आश्वासन दिया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए बुजुर्ग के शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है।

मौसम विभाग की लोगों से अपील

​इधर, मानसून के इस मौसम में लगातार हो रहे वज्रपात और आकाशीय बिजली गिरने के सिलसिले से ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम, तेज हवा और आकाशीय बिजली कड़कने के दौरान खेतों या खुले आसमान के नीचे न जाएं और पक्के मकानों में शरण लें।

ये भी पढ़ें- ‘मोतिहारी DM और SP ने की मेरी हत्या की कोशिश’, राजद सांसद सुधाकर सिंह का सनसनीखेज आरोप