अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में साइबर और एटीएम ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला बुढार थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे एक बुजुर्ग को शातिर ठगों ने अपने जाल में फंसाकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और खाते से करीब 80 हजार रुपए पार कर दिए। घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया, वहीं मामले की शिकायत बुढार थाने में दर्ज कराई गई है।
बुजुर्ग की मदद के बहाने पहुंचे आरोपी
जानकारी के अनुसार, बुढार निवासी लगभग 65 वर्षीय संतोष श्रीवास्तव एसबीआई के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनका बेटा अंकित श्रीवास्तव बाहर नौकरी करता है और उसी के खाते का एटीएम कार्ड बुजुर्ग के पास था। बुजुर्ग भारत पेट्रोल पंप के सामने स्थित एसबीआई एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे, जहां पहले उन्होंने करीब 13 हजार 500 रुपए निकाले। इसी दौरान एटीएम के अंदर मौजूद हेलमेट पहने कुछ अज्ञात युवक बड़े ही शातिराना अंदाज में बुजुर्ग की मदद करने के बहाने उनके पास पहुंचे।
ठगी ऐसी कि बुजुर्ग को भी नहीं लगी भनक
ठगों ने बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया, बुजुर्ग को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह घर लौट आए,कुछ देर बाद खाते से लगातार रकम निकलने के मैसेज आने लगे /जब परिवार ने खाते की जानकारी चेक की तो करीब 80 हजार रुपए अलग-अलग किस्तों में निकाले जा चुके थे। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल बुढार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
तलाश में जुटी पुलिस
वहीं इस मामले में बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि एक बुजुर्ग का ATM बदलकर कुछ बदमाशों ने 80 हजार निकाल लिए हैं। इस मामले की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की पड़ताल की जा रही है। शहडोल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और सतर्क रहें।

