हरियाणा निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में घोर लापरवाही बरतने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को 24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। समय पर रिपोर्ट जमा नहीं करने और चुनावी ड्यूटी में ढिलाई बरतने वाले कर्मचारियों पर अब सीधे एफआईआर दर्ज होगी।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट जमा न करने और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत कई बूथों पर तैनात BLO द्वारा बार-बार रिमाइंडर भेजे जाने के बावजूद निर्धारित रिपोर्ट जमा नहीं की गई। इससे मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और चुनावी तैयारियों में बाधा उत्पन्न हो रही है।
निर्वाचन अधिकारियों ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन कार्यरत BLO की दैनिक प्रगति रिपोर्ट की निगरानी करें। जिन कर्मचारियों ने अभी तक डेटा सिंक या रिपोर्ट सबमिट नहीं की है, उन्हें अंतिम 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है।
आयोग ने चेतावनी दी है कि तय समय के बाद भी लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने सहित विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने होंगे।

