कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान सभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने आज सोमवार (25 मई) को बिहार विधान मंडल कर्मचारियों के लिए इलेक्ट्रिक, सीएनजी एवं पिंक बस सेवा की शुरुआत की। पीएम मोदी के ईंधन बचाओ अपील को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है। प्रेम कुमार ने हरी झंडी दिखाकर विधानसभा परिसर से सीएनजी एवं पिंक बस सेवा की शुरुआत की।
कर्मचारियों को मिलेगा लाभ- प्रेम कुमार
इस मौके पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि, युद्ध से उत्पन्न वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत को घटाने तथा सार्वजनिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के आह्वान के मद्देनजर बिहार विधानसभा में कार्यरत पदाधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यालय आवागमन हेतु पिंक और ग्रीन बसों का परिचालन आज से शुरु किया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
आज फिर से बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
एक तरफ ईंधन बचाने को लेकर बिहार सरकार ने सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की है, तो वहीं, आज सुबह-सुबह मंहगाई की मार झेल रही जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। दरअसल तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। सबसे बड़ी बात यह है कि पिछले 10 दिनों के अंदर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ये चौथी बार बढ़ोतरी हुई है।
राजधानी Patna में आज 25 मई की सुबह पेट्रोल की कीमत बढ़कर 113 रुपये 37 पैसे प्रति लीटर तक पहुंच गई, जबकि डीजल 99 रुपये 36 पैसे प्रति लीटर पर बिक रहा है। वहीं प्रीमियम फ्यूल XP95 की कीमत 122 रुपये 25 पैसे प्रति लीटर हो गई है।
वैश्विक संकट के कारण बढ़ रहे दाम- डिप्टी सीएम
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर राज्य के डिप्टी CM विजय चौधरी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, वैश्विक संकट की वजह से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार नियंत्रित तरीके से कीमतें बढ़ा रही है, जिससे लोगों को कम परेशानी हो। इसका ध्यान रखा जा रहा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि, दुनिया भर में संकट गहराया हुआ है। दाम बढ़ाना मजबूरी है। वहीं, ट्रंप द्वारा PM मोदी की तारीफ करने पर विजय चौधरी ने कहा कि, प्रधानमंत्री की तारीफ मतलब पूरे देश की तारीफ।
ये भी पढ़ें- बिहार में पूर्व सांसद के आवास पर पुलिस और ड्रग विभाग की छापेमारी, भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद

