हरियाणा पुलिस ने बिजली बिल भुगतान के नाम पर फर्जी मैसेज और लिंक भेजकर की जा रही साइबर ठगी को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने बिजली बिल के नाम पर हो रही साइबर ठगी को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी इन दिनों फर्जी SMS और व्हाट्सएप संदेश भेजकर उपभोक्ताओं को यह झांसा दे रहे हैं कि उनका पिछले महीने का बिजली बिल बकाया है और यदि तुरंत भुगतान नहीं किया गया तो बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके लिए संदेश में एक संदिग्ध लिंक भी भेजा जाता है, जिस पर क्लिक करते ही लोग साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।

हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी संदेश पर घबराने की बजाय सबसे पहले संबंधित बिजली विभाग से संपर्क कर उसकी सत्यता की पुष्टि करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बिना सत्यापन के ऑनलाइन भुगतान करने से बचें।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर अपराधी डर और जल्दबाजी का फायदा उठाकर लोगों की बैंकिंग जानकारी और व्यक्तिगत डेटा चुराने का प्रयास करते हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध संदेश, लिंक या कॉल पर भरोसा न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।

हरियाणा पुलिस ने कहा है कि नागरिकों की सतर्कता ही साइबर अपराधियों के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे फर्जी संदेशों की जानकारी अपने परिवार और परिचितों के साथ भी साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर ठगी से सुरक्षित रह सकें।