कैथल। रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा 1004 संबंधित महासंघ, कैथल डिपो की बैठक बस स्टैंड स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डिपो प्रधान प्रवीण कुमार और सुशील कुमार ने की, जबकि मंच का संचालन डिपो सचिव बलवान कुंडू ने किया।

बैठक में राज्य नेता कृष्ण किछाना, महावीर संधू और जसवीर सिंह ने संयुक्त रूप से कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड में एग्री डिस्कॉम के तहत गुरुग्राम और नूंह जिलों में बिजली व्यवस्था को निजी क्षेत्र को समानांतर रूप से देने की नीति सीधे तौर पर निजीकरण की दिशा में कदम है। उन्होंने इसे आम जनता और कर्मचारियों के हितों के खिलाफ बताते हुए बैठक में इस नीति का खुलकर विरोध किया।

बैठक में बिजली विभाग और रोडवेज विभाग के कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न मांगों पर भी चर्चा की गई। कर्मचारियों ने सभी कर्मचारियों को जोखिम भत्ता देने, एक्स-ग्रेशिया स्कीम में लगाई गई शर्तों को हटाने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग उठाई।

राज्य नेताओं ने कहा कि बिजली विभाग के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 11, 12 और 13 अगस्त को तीन दिवसीय हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार समय रहते कर्मचारियों की मांगों को लागू नहीं करती है तो 11 अगस्त से बिजली विभाग के कर्मचारी तीन दिन की हड़ताल पर चले जाएंगे।

डिपो प्रधान प्रवीण कुमार और डिपो सचिव बलवान कुंडू ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली विभाग के कर्मचारियों को अकेला न समझे। उन्होंने कहा कि रोडवेज सहित अन्य विभागों के कर्मचारी भी बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के समर्थन में उनके साथ खड़े हैं।

बैठक में अमित कुमार, दिलबाग, शमशेर सिंह, मनोज मटोर, जयभगवान, मनोज खरक, कमल, इन्द्र पाल, दिलबाग खरक, अरुण कुमार, गुरमेल और राजपाल सहित अन्य कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।