अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्यप्रदेश के आदिवासी बाहुल्य शहडोल जिले में वन्यजीव संरक्षण को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। वन परिक्षेत्र जयसिंहनगर के बनचाचर बीट अंतर्गत राजस्व भूमि ग्राम करपा में बैक टू बैक एक नर बाघ और एक मादा बाघिन की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बाघ खेत में लगाए गए बिजली के करंट की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
READ MORE: ग्वालियर में 10 साल के मासूम ने किया सुसाइड: फांसी लगाकर दी जान, परिजनों का महिला टीचर पर गंभीर आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना जमुनी बाई के खेत में हुई, जहां किसान ने जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए अवैध रूप से बिजली का तार बिछा रखा था, इसी करंट की चपेट में आकर पहले बाघिन और फिर नर बाघ की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी और वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की गई, मामले को और भी संदिग्ध बनाता है। मृत बाघिन के पैरों के नाखूनों का गायब होना, इस एंगल को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली है। डॉग स्क्वॉड के मूवमेंट के आधार पर कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह मामला केवल हादसा नहीं, बल्कि शिकार या तस्करी से भी जुड़ा हो सकता है।
READ MORE: ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर कारोबारी से 1.41 करोड़ की साइबर ठगी: इंग्लैंड की युवती बनकर जाल में फंसाया, फेसबुक पर दोस्ती से शुरू हुआ खेल
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र से लगे स्थल में महज तीन दिन पहले एक अन्य घायल बाघ का वन अमले ने रेस्क्यू किया था, जो टेरिटोरियल फाइट में घायल हुआ था। लगातार हो रही बाघों से जुड़ी घटनाओं ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और जंगल से सटे गांवों में अवैध गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग ने किसान के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और विद्युत अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच जारी है। शहडोल में दो बाघों की मौत ने एक बार फिर इंसान और जंगल के टकराव की भयावह तस्वीर सामने रख दी है।
वहीं इस पूरे मामले में वन मंडलाधिकारी उत्तर शहडोल तरुणा वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि वन परिक्षेत्र जयसिंहनगर के बनचाचर बीट अंतर्गत राजस्व भूमि ग्राम करपा में बैक टू बैक एक नर बाघ और एक मादा बाघिन मृत अवस्था में मिले है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और मौजूदगी में वैधानिक कार्रवाई की है।

