दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) में सोमवार से हाथियों और उनके देखरेखकर्ताओं के लिए सात दिवसीय विशेष “हाथी महोत्सव” का शुभारंभ हुआ। कामती परिक्षेत्र के खरैर कैंप में आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने की। यह शिविर 20 सितंबर तक चलेगा, जिसके दौरान रिजर्व में तैनात सभी 6 हाथियों को नियमित गश्ती और वन्यजीव प्रबंधन के दैनिक कार्यों से पूरी तरह मुक्त रखा जाएगा।
आराम, स्वास्थ्य देखभाल और शाही दावत
इस एक हफ्ते की छुट्टी के दौरान हाथियों से न तो जंगल सफारी कराई जाएगी और न ही गश्ती का काम लिया जाएगा। महोत्सव के पहले दिन महावतों ने हाथियों को नहलाया और उनके सिर व पैरों की नीम और अरंडी के तेल से मालिश की। इसके बाद फील्ड डायरेक्टर और अधिकारियों ने हाथियों को उनका पसंदीदा भोजन—गन्ना, केला, गुड़, नारियल, पपीता, चना और रोटी परोसा। महोत्सव के दौरान वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. गुरुदत्त शर्मा द्वारा हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसके साथ ही उनकी लंबाई-ऊंचाई का मापन और आवश्यकता अनुसार दांतों की ट्रिमिंग भी की जाएगी। इस कार्य में मदद के लिए जबलपुर से वन्यजीव स्वास्थ्य और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की विशेष टीम जुटी हुई है।
महावतों और चाराकटरों के लिए भी खास इंतजाम
यह आयोजन केवल हाथियों के विश्राम तक सीमित नहीं है, बल्कि सालों से उनकी सेवा में लगे महावतों और चाराकटरों का भी ध्यान रखा जा रहा है। महोत्सव में उनके लिए भी मेडिकल चेकअप और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया है। समापन अवसर पर उनके लिए कबड्डी और रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने बताया कि यह पहल हाथियों, महावतों और चाराकटरों के बीच के भावनात्मक संबंध और विश्वास को और मजबूत करेगी। कार्यक्रम में सोहागपुर सहायक संचालक शिव प्रसाद मैथानी, इटारसी सहायक संचालक मुकेश जामोर, और कामती परिक्षेत्र अधिकारी राहुल उपाध्याय सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



