सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले में जंगली हाथी के हमले से एक बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। ठेठईटांगर प्रखंड की दुमकी पंचायत के गोहरपहर पहाड़टोली में मंगलवार शाम करीब 6 बजे यह हादसा हुआ। मृतका की पहचान कमला देवी (62 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घर के पास अचानक सामने आ गया हाथी

जानकारी के मुताबिक कमला देवी बरपानी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान घर के नजदीक झुंड से अलग हुआ एक जंगली हाथी अचानक उनके सामने आ गया। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही हाथी ने उन्हें अपनी सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया और फिर कुचल दिया।हाथी के हमले में कमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

हमले के बाद जंगल में चला गया हाथी

घटना के बाद जंगली हाथी जंगल की ओर चला गया। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हादसे के बाद गांव में डर का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रही हाथियों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और हाथियों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।

विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी पहुंचे घटनास्थल

घटना की जानकारी मिलने के बाद कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। विधायक ने मृतका के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

इलाके में जंगली हाथी की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों में विशेषकर रात के समय डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जरूरी कदम उठाने की मांग की है।