Emraan Hashmi Rooh: मुंबई। इमरान हाशमी एक बार फिर हॉरर फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। अभिनेता जल्द ही फिल्म ‘रूह’ में नजर आएंगे। यह एक हॉरर-म्यूजिकल फिल्म होगी, जिसमें डर के साथ रोमांस और संगीत का भी तड़का लगेगा। टिप्स फिल्म्स के इस प्रोजेक्ट को 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
हॉरर के साथ संगीत का भी होगा तड़का
‘रूह’ का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं, जो वेब सीरीज ‘ब्रीथ’ के लिए जाने जाते हैं। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले मयंक शर्मा और विशाल कपूर ने मिलकर लिखा है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी टिप्स म्यूजिक संभालेगा। मेकर्स इसे एक अलग तरह का सिनेमाई अनुभव बनाने की तैयारी में हैं, जहां डर और संगीत साथ-साथ नजर आएंगे।
हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में भी होगी रिलीज
फिल्म ‘रूह’ को 2027 में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। विक्ड फिल्म्स प्रोडक्शंस के निर्माता विक्रम खाखर ने इस प्रोजेक्ट को खास बताया है। उनके मुताबिक, टिप्स फिल्म्स और टिप्स म्यूजिक के साथ जुड़ना उनके लिए अहम मौका है। मेकर्स को उम्मीद है कि फिल्म दर्शकों को बड़े पर्दे पर एक यादगार हॉरर अनुभव देगी।
पहले भी हॉरर फिल्मों में नजर आ चुके हैं इमरान
इमरान हाशमी इससे पहले ‘राज: द मिस्ट्री कंटीन्यूज’ और ‘एक थी डायन’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। अब ‘रूह’ के जरिए वह एक बार फिर हॉरर जॉनर में वापसी करेंगे। इसके अलावा इमरान की फिल्म ‘गनमास्टर G9’ भी चर्चा में है। आदित्य दत्त के निर्देशन में बन रही इस एक्शन-रोमांटिक थ्रिलर में उनके साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना नजर आएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

