उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले के जजुआर थाना क्षेत्र में आज गुरुवार (13 अगस्त) को पुलिस और वांटेड अपराधी उत्तम राय के बीच मुठभेड़ हो गई। दरअसल गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम अपराधी के ठिकाने पर छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही उत्तम राय और उसके साथियों ने दो राउंड फायरिंग कर दी।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के अनुसार, पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के बीच उत्तम राय अपने साथियों के साथ बाइक से मौके से फरार हो गया।

मौके से फरार होने में सफल रहे अपराधी

सिटीएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि जजुआर के चैनपुर गाछी में रामबाबू राय के झोपड़ी में दोनों अपराधी छुपे हुए थे। लेकिन पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। मौके पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। हालांकि अपराधी मौके का फायदा उठाते हुए एक व्यक्ति से उसकी बाइक छीनकर भागने में सफल हो गए। पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी के दौरान अपराधियों द्वारा छोड़े गए 5 जिंदा कारतूस, 2 मोबाइल फोन और एक वाई-फाई राउटर बरामद किया है। सभी सामान को जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

शातिर और कुख्यात अपराधी है उत्तम राय

सिटीएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि, उत्तम राय शातिर और कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा समेत आसपास के जिलों में हत्या, लूट और रंगदारी जैसे करीब एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद जजुआर और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उत्तम राय और उसके साथियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

ये भी पढ़ें- ‘अगर सम्राट में हिम्मत है, तो…’, भरत तिवारी के परिवार को नौकरी देने के ऐलान पर PK का बड़ा बयान