कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में आज रविवार की सुबह-सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैरे में गोली लगी है। वहीं, पुलिस टीम में शामिल एसआई राजू कुमार सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोली लगने से अपराधी और SI घायल

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को बिहटा के परेव स्थित सोन नदी में अवैध बालू खनन और नाविकों से कथित तौर पर रंगदारी वसूलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस का सामना अचानक अपराधियों से हो गया। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। पुलिस की गोली लगने से एक अपराधी घायल होकर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया और उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। वहीं, मुठभेड़ में घायल एसआई का सदर अस्पताल में उपचार कराया गया।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस ने बालू से लदी एक नाव, एक कार्बाइन, एक पिस्टल, दो देसी कट्टे और बड़ी संख्या में गोलियां बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने बड़े पैमाने पर सर्च अभियान भी चलाया। इस दौरान पुलिस ने दो बालू माफियाओं को गिरफ्तार किया। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाते हुए अन्य कई अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

सक्रिय नेटवर्क और सरगना की तलाश में जुटी पुलिस

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर पुलिस अवैध बालू खनन और कथित रंगदारी वसूलने को लेकर सक्रिय इस अपराधिक गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान को तेज करते हुए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में कौन-कौन से लोग सक्रिय हैं और इसका सरगना कौन है? पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही मुठभेड़ से जुड़े गिरोह और अन्य पहलुओं का जल्द ही खुलासा हो जाएगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Police Transfer: बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 3 IAS समेत 44 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी