सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में एक परिवार को अपनी बेटी के साथ हो रही छेड़खानी का विरोध करना काफी महंगा पड़ गया। मनचलों ने पूरे परिवार की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे पूरा परिवार गंभीर रूप से चोटिल हो गया। किसी का सिर फट गया, तो किसी के पैर और हाथ में गंभीर चोट आई है। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूरा मामला छौड़ादानो थाना क्षेत्र के एक गांव का है।
पड़ोस के युवक पर छेड़खानी का आरोप
पीड़ित परिवार के सदस्य संजय सेठी ने बताया कि, उनकी नाबालिक बेटी जब स्कूल और ट्यूशन जाती थी, तो पड़ोस का ही युवक विक्की कुमार शाह उसके साथ छेड़खानी करने की कोशिश कर रहा था। वह सड़क पर अश्लील बातें करने की कोशिश कर रहा था, लड़की ने जब मना किया तो वह आग बबूला हो गया। फिर उनकी बेटी ने घर पर आकर अपनी मां को सारी बात बताई।
पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला
बेटी की बात सुनने के बाद उनकी पत्नी आरोपी युवक विक्की कुमार को समझाने गई तो, उसने इन सभी बातों को स्वीकार करने से इंकार कर दिया। इसके बाद वह अपने दोस्त और चटिया गैंग के संदीप साह, मदन साह और कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर पर पहुंचा और पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बता दें कि मारपीट की इस घटना में कई लोगों के हाथ पैर टूट गए, जिसमें पीड़िता की मां प्रभा देवी, कृतिका देवी, राम अयोध्या साह गंभीर रूप से घायल हैं। इन सभी लोगों का गंभीर हालत में निजी और सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एसपी से लगाई न्याय की गुहार
मामले में पीड़ित संजय सेठी अपने भाई और अन्य दोस्तों के साथ छौड़ादानो थाने पहुंचे और मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पीड़ित परिवार ने रोते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात से न्याय की गुहार लगाई है। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी पुलिस इस मामले में आगे क्या कुछ कार्रवाई करती है।
ये भी पढ़ें- जमीन से जुड़ी शिकायतों में अब नहीं होगी देरी! सभी अंचलों में आज से शुरू हो रहा महा अभियान

