शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा (EOW) जबलपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। ईओडब्ल्यू ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के रिटायर्ड एसडीओ महेश नागवंशी के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की है।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद प्राथमिक जांच की गई, जिसमें आय से अधिक संपत्ति के संकेत मिलने पर न्यायालय से सर्च वारंट लिया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह 25 सदस्यीय EOW टीम ने परासिया रोड स्थित निवास और गुरैया रोड स्थित आटा मिल पर एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान अब तक करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि नागवंशी ने अपनी वैध आय से लगभग 200 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है।
ये भी पढ़ें: EOW की बड़ी कार्रवाईः पीडब्ल्यूडी के रिटायर्ड अफसर के घर पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की रेड, जांच जारी
घर-दुकान, आटा मिल, LIC पॉलिसी समेत सोना-चांदी मिले
कार्रवाई में शहर में स्थित मकान, दुकान और कृषि भूमि (करीब 1.5 करोड़ रुपये), गुरैया रोड स्थित आटा मिल (करीब 2.5 करोड़ रुपये), दो चारपहिया और तीन दोपहिया वाहन (करीब 30 लाख रुपये), 18 एलआईसी पॉलिसियों में लगभग 20 लाख रुपये का निवेश, 51 हजार रुपये नगद और करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण मिले हैं। इसके अलावा कई बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, जिनमें बड़ी राशि होने की संभावना जताई जा रही है।
जांच पड़ताल जारी
EOW के डीएसपी मंजीत सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच अभी जारी है और पूरी कार्रवाई के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल इस कार्रवाई से आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


