Business Desk – EPFO Interest Credit : देशभर के करोड़ों कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष के लिए 8.25 प्रतिशत सालाना ब्याज पीएफ खातों में क्रेडिट करना शुरू कर दिया है। कई खाताधारकों के खाते में ब्याज की राशि दिखाई भी देने लगी है।

ऐसे में अगर आप भी जानना चाहते हैं कि आपके EPF खाते में ब्याज जमा हुआ है या नहीं, तो इसके लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे UMANG ऐप, ई-पासबुक या एसएमएस जैसी सुविधाओं के जरिए कुछ ही मिनटों में अपना पीएफ बैलेंस और ब्याज का स्टेटस चेक कर सकते हैं।
UMANG ऐप से ऐसे चेक करें PF खाते का ब्याज
EPFO की सेवाओं का सबसे आसान तरीका UMANG ऐप है। इसके जरिए आप अपने पीएफ खाते का बैलेंस, पासबुक और ब्याज की जानकारी देख सकते हैं।
सबसे पहले अपने मोबाइल में Google Play Store या Apple App Store से UMANG ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद उसी मोबाइल नंबर से लॉगिन करें, जो आपके EPFO खाते में रजिस्टर्ड है।
लॉगिन करने के बाद Service Directory में जाएं और EPFO का विकल्प चुनें। यहां View Passbook पर क्लिक करें। अब अपना UAN (Universal Account Number) दर्ज करें। इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। OTP दर्ज करते ही आपकी पासबुक खुल जाएगी, जिसमें कुल बैलेंस, जमा राशि और ब्याज क्रेडिट की पूरी जानकारी दिखाई देगी।
SMS से भी पता कर सकते हैं बैलेंस
अगर आपके पास इंटरनेट नहीं है, तो EPFO की SMS सुविधा का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए अपने UAN से लिंक मोबाइल नंबर से 7738299899 पर EPFOHO UAN HIN लिखकर SMS भेजें।
कुछ ही देर में आपके मोबाइल पर मैसेज के जरिए पीएफ खाते का बैलेंस और अन्य जानकारी भेज दी जाएगी। ध्यान रखें कि SMS उसी मोबाइल नंबर से भेजना होगा, जो आपके EPFO खाते से लिंक है।
ई-पासबुक से भी मिलेगी पूरी जानकारी
EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ई-पासबुक के जरिए भी ब्याज और बैलेंस चेक किया जा सकता है।
इसके लिए EPFO पोर्टल पर जाकर अपने UAN और पासवर्ड से लॉगिन करें। इसके बाद Passbook सेक्शन में जाकर यह देखा जा सकता है कि खाते में कब कितना योगदान जमा हुआ और कितना ब्याज जोड़ा गया।
EPFO कैसे जोड़ता है ब्याज?
EPFO हर महीने आपके खाते में मौजूद रनिंग बैलेंस के आधार पर ब्याज की गणना करता है। हालांकि ब्याज की गणना पूरे साल होती रहती है, लेकिन इसकी राशि एक साथ वित्त वर्ष के अंत में खाते में क्रेडिट की जाती है।
इस समय EPFO अपने सदस्यों को 8.25 प्रतिशत सालाना ब्याज दे रहा है। ब्याज खाते में आने के बाद उसकी एंट्री आपकी पासबुक में दिखाई देने लगती है।
अगर ब्याज नहीं दिख रहा है तो क्या करें?
अगर आपके खाते में अभी तक ब्याज दिखाई नहीं दे रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। EPFO सभी खातों में एक साथ ब्याज जमा नहीं करता। यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाती है। ऐसे में कुछ खातों में ब्याज पहले और कुछ में बाद में दिखाई देता है।
इसलिए समय-समय पर UMANG ऐप, ई-पासबुक या SMS के जरिए अपना स्टेटस चेक करते रहें। यदि लंबे समय तक ब्याज अपडेट नहीं होता, तो EPFO हेल्पलाइन या अपने नियोक्ता (Employer) से संपर्क किया जा सकता है।


