० अपंगता सहायता राशि जारी करने के बदले मांगी थी घूस, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में ईएसआईसी (ESIC) शाखा प्रबंधक कुलदीप सिंह को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) भिवानी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर अपंगता सहायता राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और रकम लेते ही उसे दबोच लिया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि शाखा प्रबंधक अपंगता सहायता राशि जारी करने के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी कुलदीप सिंह से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

