एटा. उत्तर प्रदेश के एटा में सोमवार (21 सितंबर 2026) देर रात मां-बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई. आवागढ़ थाना क्षेत्र के यादव नगर मोहल्ले में चारपाई पर 65 वर्षीय कमला देवी और उनकी 35 वर्षीय बेटी प्रियंका के शव मिले. आरोप है कि प्रियंका के पति ने अपने पिता के साथ मिलकर दोनों की हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद दोनों आरोपी घर से फरार बताए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- कर्मचारियों को सांता क्लॉज की टोपी पहनने के लिए मजबूर नहीं कर सकते, इलाहाबाद HC की सख्त टिप्पणी
चारपाई पर पड़े मिले मां-बेटी के शव
वारदात जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर सोमवार रात करीब 12:30 बजे हुई. पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. शुरुआती जानकारी में उनके चेहरों पर कट के निशान और आंखें भी फोड़ने की बात सामने आई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
पति-पत्नी में कई दिनों से चल रहा था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, प्रियंका और उसके पति के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था. सोमवार शाम को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. इसके बाद परिवार के लोग खाना खाकर सो गए. देर रात पति-पत्नी के बीच दोबारा विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर हथौड़े से प्रियंका पर हमला कर दिया.
बीच-बचाव करने आई मां पर भी हमला
बताया जा रहा है कि बेटी को बचाने के लिए उसकी मां कमला देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी हथौड़े से हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी के पिता ने भी उसका साथ दिया. घटना के समय आरोपी दंपती के तीन बच्चे भी घर में मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा खुलासा, चोरी की 70 नहीं 105 घटनाएं CCTV में कैद
SSP मौके पर पहुंचे, कई टीमें जांच में जुटीं
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. एसएसपी डॉ. इलामारन जी मौके पर पहुंचे. जांच के लिए डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट और SOG को लगाया गया है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है. हत्या की वजह और वारदात में दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है.



