इटावा. इटावा में पति से विवाद के बाद एक महिला सिपाही ने जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई. घटना पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर की है. मृतका की पहचान सहारनपुर निवासी 30 वर्षीय प्रियंका के रूप में हुई है.

इसे भी पढ़ें- संसद के बाहर अखिलेश का पोस्टर वार: FCRA से लेकर अमित शाह की गैरहाजिरी तक, सरकार पर बरसे सपा प्रमुख

देर से घर लौटने पर पति से हुआ विवाद

प्रियंका साल 2019 में यूपी पुलिस में भर्ती हुई थी और वर्तमान में सैफई थाने में तैनात थी. साल 2023 में उसकी शादी रजत से हुई थी. वह पति और अपने दो छोटे बच्चों के साथ पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में रहती थी. उसके डेढ़ साल की बेटी और छह महीने का बेटा है. परिजनों के मुताबिक, रविवार को प्रियंका की ड्यूटी दोपहर करीब 3 बजे खत्म हुई थी. इसके बाद वह संडे बाजार में खरीदारी करने चली गई. शाम करीब 5:30 बजे वह पुलिस लाइन स्थित अपने घर पहुंची. पति ने देर से आने की वजह पूछी. प्रियंका ने मार्केट जाने की बात बताई, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया.

गुस्से में घर से निकला पति, फोन भी नहीं उठाया

पति रजत के मुताबिक, विवाद के बाद वह करीब 6:15 बजे गुस्से में घर से बाहर चला गया. कुछ देर बाद प्रियंका ने उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की. करीब 7:30 बजे जब रजत वापस घर पहुंचा तो प्रियंका जमीन पर बेसुध पड़ी थी. रजत ने पुलिस को बताया कि प्रियंका के मुंह से झाग निकल रहा था. पड़ोसियों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया. जिला अस्पताल से हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.

सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत

सैफई मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने प्रियंका का इलाज शुरू किया, लेकिन रात करीब 10 बजे उसने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, मृतका के पति रजत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस विवाद के पीछे की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें- ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ को डकैती बताना क्रांतिकारियों का अपमान, अब देश सही इतिहास पढ़ रहा है- योगी

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी केके मिश्रा के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति से विवाद के बाद महिला सिपाही द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है. परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही प्रियंका की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद पुलिस लाइन परिसर में भी शोक का माहौल है.