श्रावस्ती/बहराइच। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक नियमित प्रवास, कार्यकर्ताओं से सतत संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है, इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ तक पहुंचकर संगठन को और सशक्त बनाने का दायित्व निभाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए
सोमवार को श्रावस्ती और बहराइच में जिला कार्यसमिति, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तथा प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि बूथ पर कार्य करने वाला कार्यकर्ता ही चुनाव का वास्तविक योद्धा होता है। उसी के परिश्रम, समर्पण और जनसंपर्क से संगठन की जीत सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को नियमित रूप से बूथों का प्रवास करना चाहिए, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए और संगठनात्मक अभियानों को गति देनी चाहिए।
READ MORE: लखनऊ को मिली 4,850 करोड़ से अधिक की सड़क परियोजनाओं की सौगात, गडकरी-राजनाथ ने किया लोकार्पण व शिलान्यास
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लक्ष्य के साथ लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा का अनुशासित और राष्ट्रनिष्ठ कार्यकर्ता विपक्ष के भ्रम और दुष्प्रचार का जवाब देगा तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 2017 से भी बड़ी जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
READ MORE: KGMU में राजनाथ सिंह का संदेश: डॉक्टर की पहचान सिर्फ डिग्री नहीं, संवेदनशीलता और…
पंकज चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना और विकास के क्षेत्र में देश के लिए एक मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठनात्मक अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और हर अभियान को जनसंपर्क, जनविश्वास तथा संगठन विस्तार का प्रभावी माध्यम बनाने का आह्वान किया।

