लखनऊ। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को उत्तर प्रदेश को 4,850 करोड़ से अधिक की तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात दी। पड़री खुर्द के पास आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की, जबकि उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज उपस्थित रहे। इस दौरान दो परियोजनाओं का लोकार्पण और एक परियोजना का शिलान्यास किया गया।
औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति
सबसे बड़ी परियोजना 63 किलोमीटर लंबे कानपुर-लखनऊ 6-लेन एक्सप्रेसवे की रही, जिसका निर्माण लगभग 4,200 करोड़ की लागत से किया गया है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से कानपुर और लखनऊ के बीच यात्रा का समय करीब 3 घंटे से घटकर मात्र 40 मिनट रह जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस एक्सप्रेसवे पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस), सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी कॉल बॉक्स, स्पीड रडार और यात्रियों के लिए रेस्ट एरिया जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इससे ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी और दोनों शहरों के बीच औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
ईंधन की खपत और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।
इसके अलावा हरदोई-लखनऊ सीमा से लखनऊ रिंग रोड तक 32 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-731) के 4-लेन चौड़ीकरण का भी लोकार्पण किया गया। लगभग 541 करोड़ की लागत से तैयार यह परियोजना हरदोई और लखनऊ के बीच आवागमन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाएगी। मलिहाबाद के आम उत्पादकों को अपने उत्पाद देश-विदेश के बाजारों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी, वहीं ट्रैफिक जाम, ईंधन की खपत और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।
READ MORE: KGMU में राजनाथ सिंह का संदेश: डॉक्टर की पहचान सिर्फ डिग्री नहीं, संवेदनशीलता और…
कार्यक्रम में इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे (NH-24A) पर बनने वाले 1 किलोमीटर लंबे 4-लेन फ्लाईओवर का भी शिलान्यास किया गया। करीब ₹109 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना सीतापुर रोड, जानकीपुरम, अलीगंज, कुर्सी रोड, विकास नगर, टेढ़ी पुलिया और खुर्रम नगर समेत आसपास के क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी। इससे इंजीनियरिंग, मेडिकल और लॉ कॉलेज सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच आसान होगी और शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक पर जाम की समस्या कम होगी।
READ MORE: अजय राय ने बलदेव यादव के परिवार से की मुलाकात, हत्या का केस दर्ज करने की मांग, कहा- सरकारी नौकरी और 1 करोड़ मुआवजा भी दें
इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में सड़क अवसंरचना को नई मजबूती मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, उद्योग, कृषि, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जबकि आम लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधुनिक सड़क नेटवर्क उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास और निवेश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

