अशोक कुमार जायसवाल, पीडीडीयू नगर। नई दांडी निवासी बलदेव यादव उर्फ झिंगुरी की मार्ग चौड़ीकरण के दौरान हुई दर्दनाक मौत के बाद सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया और दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन ने मामले को दबाने का प्रयास किया
अजय राय ने कहा कि प्रशासन ने घटना के बाद पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया और मृतक के परिजनों को समय पर सही जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई। उन्होंने बताया कि बलदेव यादव पिछले करीब तीन वर्षों से सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी में पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे थे। माता काली मंदिर के शिखर को हटाने के दौरान हुई दुर्घटना में उनकी जान चली गई, जो बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
READ MORE: काशी, मथुरा और संभल विवाद: हिंदू-मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट की मध्यस्थता का प्रस्ताव ठुकराया, दोनों पक्ष बोले- केस लड़कर हो फैसला
एक करोड़ मुआवजा की मांग
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि यदि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो इस हादसे को रोका जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण एक मेहनतकश व्यक्ति की जान चली गई।
READ MORE: गठबंधन से पहले ये हाल है… सपा-कांग्रेस में तकरार, इमरान मसूद-उदयवीर सिंह के बयान से बढ़ी सियासी गर्मी
कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस का हाई पावर डेलिगेशन भी पूरे मामले की जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।

