राकेश कथूरिया,कैथल। बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने रविवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान पूरे देश में उत्साह और जोश के साथ चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य हर व्यक्ति के मन में देश के प्रति भावना और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान को मजबूत करना है।
9 से 17 अगस्त तक होंगे कार्यक्रम
ज्योति सैनी ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों, कॉलेजों और प्रशासनिक कार्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में तिरंगे के गौरव, देश की एकता-अखंडता और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया है।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक
प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के बाद मीडिया से बातचीत में ज्योति सैनी ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान करना हर नागरिक का नैतिक और राष्ट्रीय कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
तिरंगे के तीन रंग देते हैं अलग संदेश
ज्योति सैनी ने कहा कि तिरंगे का केसरिया रंग बलिदान, साहस और त्याग का प्रतीक है। सफेद रंग शांति, सच्चाई और ईमानदारी को दर्शाता है। हरा रंग समृद्धि, हरियाली और विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के बीच बना नीले रंग का अशोक चक्र न्याय, गति और धर्म का प्रतीक है।
शहीदों को याद करने का भी दिया संदेश
ज्योति सैनी ने कहा कि तिरंगा हमें एक राष्ट्र, एक संस्कृति और जनकल्याण के एक उद्देश्य के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि घर पर तिरंगा फहराने के साथ उन शहीदों को भी याद करना चाहिए, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए।
सेल्फी प्वाइंट पर लोग ले सकेंगे फोटो
प्रदर्शनी में सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। आमजन यहां तिरंगे के साथ अपनी फोटो खिंचवा सकते हैं। अभियान के दौरान लोगों को तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र प्रेम की भावना से जोड़ने के लिए इस तरह की गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


