0 शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ेंगी ईवी सुविधाएं, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने के लिए पूरे प्रदेश में चार्जिंग नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही है। राज्य के प्रमुख शहरी, औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में अब तक 789 ईवी चार्जिंग स्टेशन एवं चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जा चुके हैं। सरकार ने वर्ष 2026 के दौरान 900 चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रदेश में ईवी चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार की जिम्मेदारी उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) को सौंपी गई है।

पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी मजबूती
बिजली निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि हरियाणा की ई-मोबिलिटी नीति के तहत आधुनिक, सुलभ और विश्वसनीय चार्जिंग अवसंरचना विकसित की जा रही है। उनका कहना है कि चार्जिंग सुविधाओं के विस्तार से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने में तेजी आएगी, जिससे पेट्रोल-डीजल जैसे जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम होगी और कार्बन उत्सर्जन घटाकर पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

ऐसे हैं सरकारी आंकड़ें

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम में 380 के लक्ष्य के मुकाबले 336, फरीदाबाद में 60 में से 49, मानेसर में 60 में से 54, सोनीपत में 150 में से 126, करनाल में 100 में से 89, पानीपत में 75 में से 64 और रोहतक में 75 के लक्ष्य के मुकाबले 71 ईवी चार्जिंग स्टेशन एवं प्वाइंट स्थापित किए जा चुके हैं।

सरकार का मानना है कि चार्जिंग नेटवर्क मजबूत होने से प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ेगा और हरियाणा स्वच्छ, हरित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।