Bihar Crime: राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल में एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूरा मामला अथमलगोला थाना क्षेत्र के दक्षिणीचक के पास की है, जहां कल मंगलवार की देर रात मेले में दुकान लगाने वाले एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ललन पुरी के रूप में हुई है।
दुकान से लौटते समय बदमाशों ने मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार मृतक ललन पुरी दक्षिणीचक के पास लगे मेले में दुकान लगाता था। मंगलवार की देर रात मेला के खत्म होने के बाद वह अपनी दुकान बंद कर वापस घर लौट रहा था। इस दौरान बीच रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। हालांकि जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक ललन पुरी को दो गोलियां लगी थीं।
परिजनों को पड़ोसी पर हत्या की आशंका
परिजनों के अनुसार मृतक ललन पुरी का पड़ोस के शंकर कुमार से पहले से ही विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि शंकर ने कई बार ललन को जान से मारने की धमकी भी थी। इस संबंध में उनकी ओर से अथमलगोला थाना में शिकायत किए जाने की बात कही है। वहीं, दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और छानबीन में जुट गई।
छानबीन में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटना को किसने अंजाम दिया? हत्या के पीछे क्या वजह हो सकती है? पुलिस इन सभी मामलों को छानबीन कर रही है। पुलिस ने घटना के संबंध में घटनास्थल के आसपास लोगों से भी बातचीत कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटना में शामिल लोगों के बारे में पता चल सकेगा।
ये भी पढ़ें- सासाराम में करंट का कहर, अलग-अलग हादसों में कार ड्राइवर और हवलदार की मौत



