अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम में करंट लगने से आज बुधवार की सुबह अलग-अलग हुए दो हादसों में दो लोगों की जान चली गई। पहला मामला अगरेर थाना क्षेत्र के खरवनिया का है, जहां करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक सासाराम के एक चिकित्सक डॉ. रणवीर सिंह के कार का ड्राइवर था। बताया जाता है कि वो अपने घर की बिजली का बोर्ड ठीक कर रहे थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतक अनिल सिंह की उम्र 40 साल थी। वह ड्राइवर के साथ किसान भी थे और खेती-बाड़ी का काम करते थे। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल सासाराम लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अनिल के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सभी घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इलाके के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
BSAP परिसर में हवलदार की करंट से मौत
वहीं, दूसरी घटना सासाराम स्थित BSAP महिला बटालियन परिसर की है, जहां कार्यरत चालक हवलदार की करंट लगने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान लाल साहब सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कैमूर जिला के कुदरा स्थित सिसवार थाना क्षेत्र के भव पोखर गांव के रहने वाले थे।
गाड़ी धोते समय लगा करंट
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह जब लाल सिंह यादव महिला बटालियन के परिसर में अपनी सरकारी गाड़ी को धो रहे थे। इस दौरान वह बिजली के मोटर से प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोग उन्हें इलाज के लिए लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- रोहतास: नशे की हालत में युवक ने धारदार हथियार से रेता अपना गला, हालत गंभीर



