हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से जाली नोटों (Fake currency फेक करेंसी) के एक बड़े काले कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। इंदौर की गांधी नगर पुलिस ने एक सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिंगापुर टाउनशिप में चल रही नकली नोट छापने की हाईटेक फैक्ट्री पर छापा मारा है। पुलिस ने मौके से मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि चौधरी, संजय वैष्णव और दीपक पटेल के रूप में हुई है।

किराए के फ्लैट में चल रहा था ‘गोरखधंधा’

पुलिस पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। आरोपी सिंगापुर टाउनशिप में एक फ्लैट किराए पर लेकर इस अवैध कारखाने को संचालित कर रहे थे। मुख्य आरोपी रवि चौधरी के पास से पुलिस ने नोट छापने की हाईटेक प्रिंटिंग मशीन, लैपटॉप, प्रिंटर, जाली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाला स्पेशल पेपर और 200-200 रुपये के कुल 80,000 रुपये मूल्य के नकली नोट बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी जाली नोटों को हुबहू असली जैसा लुक देने के लिए सोशल मीडिया और इंटरनेट की मदद लेते थे और नई तकनीकों से नोट तैयार कर रहे थे।

जेल से छूटते ही फिर शुरू किया जाली नोट का धंधा

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड रवि चौधरी है, जो शातिर अपराधी है। वह पहले भी नकली नोट छापने और खपाने के मामले में जेल जा चुका है। लेकिन जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसने सुधरने के बजाय दोबारा से इस फर्जी कारोबार को नए साथियों के साथ बड़े पैमाने पर शुरू कर दिया। गिरोह के अन्य दो सदस्य, संजय वैष्णव और दीपक पटेल, रवि चौधरी को नकली नोट तैयार करने में मदद करते थे। इसके अलावा, इन जाली नोटों को बाजार के भीड़भाड़ वाले इलाकों और सीधे-साधे लोगों के बीच असली बनाकर खपाने का मुख्य जिम्मा भी इन्हीं दोनों का था।

सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस

गांधी नगर पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह पिछले लंबे समय से फेक करेंसी का यह नेटवर्क चला रहा था। पुलिस अब आरोपियों की रिमांड लेकर इस पूरे रैकेट और उनकी सप्लाई चेन (Supply Chain) की गहराई से जाँच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक बाजार में कितने लाख के नकली नोट खपाए जा चुके हैं और इस नेटवर्क के तार कहाँ-कहाँ जुड़े हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m