Fake Delhi Police Raid Gurgaon : सुशीला देवी गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम का अधिकारी बनकर फ्लैट में फर्जी छापेमारी करने और 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का सरगना ऋषि अभी फरार है। आरोपियों के कब्जे से दिल्ली पुलिस के तीन फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, 29-30 जुलाई की रात सेक्टर-86 स्थित अंसल हाइट्स सोसायटी में कुछ लोग एक फ्लैट में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला अपने साथियों के साथ फ्लैट में पहुंची और खुद को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम बताकर जबरन अंदर घुस गई। आरोपियों ने फ्लैट में मौजूद लोगों को बंधक बनाकर मारपीट की और उन्हें अवैध गतिविधियों में फंसाने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की मांग की।

मुख्य आरोपी ऋषि पैसे लेने के बहाने एक युवक को अपनी कार में ले गया, लेकिन युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने साथियों को लाइव लोकेशन भेज दी। इसके बाद उसके साथी मौके पर पहुंचे और चार आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि ऋषि कार लेकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतविन्द्र, टीनू, नवीन और स्नेहा उर्फ सना के रूप में हुई है। पुलिस ने तीन आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि महिला आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार ऋषि और फर्जी आईडी तैयार करने वाले अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m