यमुनानगर में साधु का चोला पहनकर लोगों के साथ धोखाधड़ी व लूटपाट करने वाले एक शातिर स्नैचर को पुलिस ने दबोचा है। आरोपी हाईवे पर गाड़ियां रुकवाकर कीमती सामान छीन लेता था।

यमुनानगर। साधु का चोला पहनकर लोगों का भरोसा जीतना और फिर उन्हें अपना शिकार बनाना एक शातिर स्नैचर को भारी पड़ गया। यमुनानगर पुलिस की स्पेशल सेल ने ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो हाईवे पर साधु का भेष धारण कर राहगीरों को निशाना बनाता था। पानी मांगने के बहाने गाड़ियां रुकवाना और फिर लोगों को बातचीत में उलझाकर उनकी कीमती वस्तुएं छीन लेना उसका तरीका था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि बैंक कॉलोनी मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक घूम रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर रमन चंदेल के नेतृत्व में उप निरीक्षक सतीश कुमार, मक्खन, सुरेंद्र, गौरव और कुलदीप की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान दढ़वा की डेहा बस्ती निवासी अमीरचंद पुत्र तालाब नाथ के रूप में हुई। जांच के दौरान उसने 14 जून को करेड़ा खुर्द हाईवे पर हुई स्नेचिंग की वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने साधु का भेष धारण कर देहरादून जा रहे पंचकूला के एक डॉक्टर की कार को पानी मांगने के बहाने रुकवाया था। इसके बाद डॉक्टर को बातचीत में उलझाकर उसकी सोने की चेन छीन ली और हाईवे के दूसरी ओर फरार हो गया।

डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को आशंका है कि वह इसी तरह की कई अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकता है। ऐसे में उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके।