Bihar Crime: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां श्राद्ध कार्यक्रम के बाद ‘जवारी भोज’ (जाती व समाज के लोग) नहीं देने को लेकर हुए विवाद में मृतक परिवार के 6 सदस्यों के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। पूरा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिलौत वार्ड संख्या-12 की है। मारपीट की इस घटना में पति-पत्नि समेत उनके चार बच्चे घायल हो गए, जिनका सदर अस्पताल में इजाल चल रहा है।

घायलों को आई अंदरूनी चोटें

घायलों की पहचान सिलौत वार्ड- 12 निवासी दिवंगत नंदलाल यादव के पुत्र पुलिंदर यादव (38), उनकी 30 वर्षीय पत्नी राधा देवी और उनके चार बच्चों के रूप में की गई है। घायलों का इलाज कर रहे डॉक्टर दशरथ कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों को शरीर में अंदरूनी चोटें आई हैं। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचित कर दिया है।

‘जवारी भोज’ न कराने को लेकर विवाद

घायल राधा देवी ने बताया कि उनके 54 साल के जेठ (भसुर) श्याम लाल राय का लगभग 15 दिन पहले कैंसर से निधन हो गया था। उनके मुताबिक परिवार की माली हालत ठिक नहीं होने के बाद भी उन्होंने समाज को श्राद्ध भोज दिया था। उन्होंने बताया कि, श्राद्ध भोज समाप्त होने के बाद परिवार के सभी सदस्य घर में मछली-चावल खा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ गोतिया (भाई व समाज के लोग) उनके घर पहुंच गए और ‘जवारी भोज’ न कराने को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

पूरे परिवार के साथ की मारपीट

राधा देवी के मुताबिक उन्होंने और उनके पति ने लोगों को बताया की उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार भोज कराया। लेकिन इसी बात को लेकर दोनों आरोपी आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि ‘जवारी भोज’ नहीं देने पर आरोपियों ने उनके पूरे परिवार की पिटाई कर दी। बच्चों के रोने और शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, उनके हस्तक्षेप करने के बाद मामला शांत हुआ। वहीं, आसपास के लोगों ने ही पीड़ित परिवार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना पर पुलिस का बयान

वहीं, घटना के संबंध में मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिली हुई है। पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन दिए जाने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- हत्या या फिर कुछ और…? बगीचे में युवक का शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस