Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवक का संदिग्ध हालत में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना मनियारी थाना क्षेत्र के वासुदेव गांव की है। वहीं, मृतक युवक की पहचान गुलशन कुमार (23) के रूप में हुई है, जिसका शव उसके घर से करीब 300 मीटर दूर बांस की झाड़ी में मिला। युवक की मौत के बाद परिजनों में जहां कोहराम मच गया है। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बेंगलुरु में काम करता था मृतक
मृतक गुलशन कुमार बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह करीब एक महीने पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव लौटा था। परिजनों के मुताबिक आज रविवार (24 मई) की सुबह 8 बजे के करीब गुलशन घर पर चाय पीने के बाद टहलने के लिए निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।
परिजनों में मचा कोहराम
इस बीच गांव के ही कुछ बच्चे खेल-खेल में बांस के बगीचे में पहुंचे, जहां मृत हालत में पड़े एक युवक को देख वे डर और शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों का शोर सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने गुलशन को मृत हालत में पड़ा देखा। वहीं, खबर सुनकर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां गुलशन का शव देख उनके होश उड़ गए। घटना के बादसे परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
मौत को लेकर उठ रहे सवाल
गुलशन का शव बिना शर्ट का पड़ा हुआ मिला। हालांकि शव के पास ही शर्ट और उसका मोबाइल पड़ा हुआ था। वहीं, घरवालों का कहना था कि वह घर से शर्ट और पैंट पहनकर बाहर निकला था, जिसे लेकर लोगों के मन में तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। मृतक के पिता ने बताया कि गुलशन सुबह सामान्य तरीके से घर से निकला था। किसी विवाद या परेशानी की जानकारी परिवार को नहीं थी।
छानबीन में जुटी पुलिस
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मनियारी थाना पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई जरूरी सबूत इकट्ठा किए हैं। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- पटना SSP का बड़ा एक्शन: छापेमारी के दौरान खुद की तलाशी देने के मामले में दो थानाध्यक्ष निलंबित

