Bihar News: पटना के बाढ़ अनुमंडल के पंचमहला थाना इलाके के नौरंगा जलालपुर गांव में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। कल शनिवार की 23 मई की शाम 6 बजे के करीब दोनों पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पंचमहला थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार की टीम ने घटना में शामिल नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार बरामद करने को लेकर कई जगहों छापेमारी की थी।
पुलिसकर्मियों ने दी अपनी तलाशी
इस बीच जब पुलिस की टीम नामजद आरोपियों के घर पहुंची तो, दोनों नामजद आरोपी पहले ही फरार मिले। इस दौरान जब पुलिस ने घर की तलाशी लेनी चाही तो घर में मौजूद परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। इस बीच एक महिला ने पुलिस अधिकारियों की बात आरोपी सोनू कुमार के भाई मोनू कुमार से फोन पर बात कराई। वहीं, घर में घुसने से पहले पुलिसकर्मी अपनी तलाशी देते नजर आए। इस बीच किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो आज रविवार की सुबह से ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दोनों थानाध्यक्ष को किया निलंबित
तलाशी देते हुए वीडियो वायरल होने के बाद बिहार पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है। वहीं, अब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचमहला थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।दोनों को फिलहाल नवीन पुलिस केंद्र, पटना में योगदान देने का आदेश दिया गया है। साथ ही विभागीय कार्रवाई शुरू करते हुए दोनों अधिकारियों से जवाब भी मांगा गया है।
कमजोर नजर आई पुलिस की छवि
पटना एसएसपी ने कहा कि किसी कुख्यात अपराधी के घर छापेमारी के दौरान पुलिस का इस तरह व्यवहार करना बेहद आपत्तिजनक है। आदेश में साफ कहा गया कि पुलिस की कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए, जिससे जनता में भरोसा और अपराधियों में डर बने, लेकिन इस मामले में पुलिस की छवि कमजोर होती दिख रही है।
ये भी पढ़ें- ’24 घंटे के अंदर मिलेगा जवाब’, अपराध और अपराधियों पर CM सम्राट चौधरी का सख्त संदेश

