रेवाड़ी। धारूहेड़ा की आनंदम आवास सोसायटी में हुई चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। चोरों ने घर में मौजूद महिला और बच्चों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया और बेखौफ होकर लाखों रुपये के जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित छोटन यादव के अनुसार, 18 जून को वह अपने गोदाम पर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी बाथरूम में नहा रही थीं, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में टीवी देख रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और महिला व बच्चों के कमरों के दरवाजों पर बाहर से सांकल लगा दी।परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद रहे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।
आराम से खंगाला घर, समेट ले गए कीमती सामान
बदमाशों ने घर के बेडरूम को निशाना बनाते हुए सोने के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में सोने का हार, लॉकेट, अंगूठियां, बालियां, झुमके और नोज पिन समेत करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति शामिल है।नहाने के बाद जब महिला बाहर निकलने लगी तो दरवाजा नहीं खुला। काफी प्रयास के बाद दरवाजा खोला गया, तब घर में बिखरा सामान देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल
घटना ने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घर में लोग मौजूद होने के बावजूद चोर आसानी से अंदर पहुंचे, वारदात को अंजाम दिया और फरार भी हो गए। इससे सोसायटी के अन्य निवासी भी भय और चिंता में हैं।
पुलिस जांच में जुटी
धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।

