कुरुक्षेत्र। पड़ोसी के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद से परेशान एक दंपती ने अपने बेटे के साथ ब्रह्मसरोवर में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

परिवार का आरोप है कि पड़ोसी पिछले कई वर्षों से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। महिला कोमल ने बताया कि पड़ोसी घर के सामने कूड़ा-कचरा फेंकता है और विरोध करने पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता है। उनका आरोप है कि पड़ोसी ने उनके परिवार के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत झूठा मामला भी दर्ज कराया है।

वहीं परिवार के सदस्य पवन का कहना है कि उन पर लगाए गए जबरन जहर पिलाने के आरोप पूरी तरह निराधार हैं और घटना के समय वह घर पर मौजूद भी नहीं था।


दूसरे पक्ष ने भी शिकायत
दूसरी ओर, दूसरे पक्ष ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उसे खेत में पकड़कर जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। शिकायतकर्ता का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कार्रवाई नहीं होने पर आत्महत्या की चेतावनी भी दी थी और एक सुसाइड नोट साझा कर कुछ लोगों तथा पुलिसकर्मियों को जिम्मेदार ठहराया था।

शिकायतकर्ता ने अपनी नाबालिग बेटी से जुड़े मामले में पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। वहीं आरोपी पक्ष का कहना है कि उन्हें जानबूझकर झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जाँच
थाना केयूके प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जबरन जहर पिलाने संबंधी शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर रही है।