Barabanki family accident, बाराबंकी. उत्तर प्रदेश में नेता और मंत्री ये दावा करते नहीं थक रहे हैं कि प्रदेश में पर्याप्त बिजली है. निर्बाध आपूर्ति हो रही है. वहीं दूसरी तरफ हकीकत इससे उलट ही है. प्रदेश के कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां पर कटौती (Power cut) के नाम पर घंटों बिजली आपूर्ति ठप की जा रही है. इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है. कहीं गर्मी से परेशान होकर, तो कहीं जान गवांकर. ऐसा ही एक मामला फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग के झांसा गांव से सामने आया है. जहां एक परिवार घर के बाहर सो रहा था. इस दौरान अनियंत्रित डंपर ने उन्हें रौंद दिया.
इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जिसमें परिवार के मुखिया और उनके तीन बच्चे शामिल हैं. जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं हैं. बताया जा रहा है कि बिजली आपूर्ति बाधित थी और भीषण गर्मी के कारण परिवार घर के बाहर सड़क किनारे चारपाई डालकर सो रहा था. इसी दौरान ये दर्दनाक हादसा हो गया.
इसे भी पढ़ें : जनगणना-2027 के लिए राजधानी में बनाए गए 8 नियंत्रण कक्ष, मकान सूचीकरण, मकान गणना के लिए की गई पहल
जानकारी के मुताबिक डंपर पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और उसके बाद सीधे चारपाई पर सो रहे परिवार को रौंद दिया. दुर्घटना में 35 वर्षीय नीरज और उनके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय अंशिका और 6 वर्षीय आंशू ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं नीरज की पत्नी 35 वर्षीय आरती गंभीर रूप से घायल हो गईं. जिन्हें लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया है.

