नवीन शर्मा , हांसी। हांसी के गांव बडाला में एक बार फिर जमीनी विवाद को लेकर रिश्ते तार-तार हो गए। जमीन के विवाद में मामा पक्ष के लड़कों ने अपनी ही बुआ के बेटे कश्मीर लाल पर गोली चला दी। गनीमत रही कि कश्मीर लाल बाल-बाल बच गया। घटना के दौरान कश्मीर लाल के साथ आए दो लोगों को गोली लगी, जबकि गांव बडाला के भी दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस जांच के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विक्की ने खुद को भी पैर में गोली मार ली।
आपको बता दे कि हांसी जिले के बडाला गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। घायलों को इलाज के लिए हांसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहाँ से उनको अग्रोहा मेडिकल में रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस फिलहाल कुछ भी इस मामले पर नही बोल रही है।
हांसी में हुए खूनी संघर्ष मामले को लेकर हांसी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि रोहतक निवासी कश्मीर लाल हांसी जिले के गांव बडाला का भांजा है। एसपी के अनुसार विवादित जमीन कश्मीर लाल के नाम दर्ज है और इस मामले में पैसों के लेन-देन जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
उन्होंने बताया कि यह जमीन कश्मीर लाल के नाना से उसकी मां के नाम आई थी, और बाद में मां से कश्मीर लाल के नाम करीब 18.5 किले जमीन ट्रांसफर हुई। जब यह अपनी जमीन लेने के लिए आया तो 3 मई को भी इनका झगड़ा हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि जमीन के लोभ और लालच में आकर मामा पक्ष के लड़कों ने इस खूनी घटना को अंजाम दिया।
आज अपनी जमीन का हक लेने रोहतक से कश्मीर लाल के साथ आए लोगों पर विकास उर्फ विक्की ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कई राउंड फायर किए। इस खूनी संघर्ष में विक्की ने तेजवीर, भरत सिंह, दोनों बड़ाला निवासी और पवन सोनीपत निवासी, आदित्य गोली चला दी। इन चारों घायलों का अग्रोहा मेडिकल में ईलाज जारी है। वही विक्की को मौके पर पुलिस ने रिवॉल्वर के साथ पकड़ लिया है। उसी दौरान विक्की ने भी खुद को अपने पांव पर गोली मारी है। मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हांसी में हुए खूनी संघर्ष मामले में जमीन विवाद को लेकर पहले से तनाव बना हुआ था। इसी विवाद के चलते 3 मई को बास थाना में भी एक मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार उस दौरान विक्की के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। अब पुलिस पुराने मुकदमे और हालिया खूनी संघर्ष दोनों पहलुओं को जोड़कर मामले की गहन जांच कर रही है।

