फरक्का/बरहरवा। भारी बारिश के बीच फरक्का रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक धंसने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। मालदा रेल मंडल के फरक्का स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-4 के समीप ट्रैक करीब एक फीट नीचे धंस गया। घटना के बाद एहतियातन कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया, जबकि कई ट्रेनों के समय में बदलाव करना पड़ा। इससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
साहिबगंज-मालदा लोकल से फरक्का एक्सप्रेस तक प्रभावित
ट्रैक धंसने का असर सुबह से ही ट्रेनों पर दिखाई देने लगा। साहिबगंज-मालदा लोकल को सुबह 5:45 बजे रवाना होना था, लेकिन यह करीब 8:27 बजे रवाना हुई।
इसी तरह फरक्का एक्सप्रेस के परिचालन में भी देरी हुई। निर्धारित समय सुबह 7:05 बजे के बजाय इसका प्रस्थान समय करीब 9:17 बजे बताया गया। पाकुड़ की तरफ से आने वाली गौड़ एक्सप्रेस समेत कई अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।
बरहरवा से भागलपुर तक यात्री परेशान
फरक्का के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त होने के कारण पाकुड़ और बरहरवा की ओर से आने-जाने वाली ट्रेनों को रास्ते में अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। बरहरवा, पाकुड़, कोटापोखर, गुमानी, तीनपहाड़, साहिबगंज और भागलपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।ट्रेनें घंटों लेट होने के कारण कई स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई।
ट्रैक को भरने में जुटा रेलवे
रेलवे प्रशासन ने ट्रैक को दुरुस्त करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। मालगाड़ी के जरिए डस्ट और स्टोन मेटल मौके पर पहुंचाया जा रहा है। धंसे हुए हिस्से को भरने के साथ पटरी को सुरक्षित स्थिति में लाने के लिए तकनीकी कार्य किए जा रहे हैं।रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौके पर मौजूद है और जल्द से जल्द मरम्मत पूरी कर परिचालन सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
मरम्मत पूरी होने तक जारी रह सकती है देरी
फिलहाल रेलवे की प्राथमिकता ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मरम्मत कार्य पूरा होने तक इस रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों के परिचालन में देरी की स्थिति बनी रहने की संभावना है। भारी बारिश के कारण ट्रैक धंसने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



