प्रयागराज. कांग्रेस प्रवक्ता फरहान ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. फरहान ने कहा कि राहुल गांधी देश में विपक्ष की आवाज उठा रहे हैं, जबकि ओवैसी के बयान भाजपा के पक्ष में जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी नहीं होते तो देश का हर राज्य गुजरात बन गया होता.
इसे भी पढ़ें- यूपी में मौसम साफ, 7 दिन में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; इस जिले की हवा सबसे खराब
ओवैसी के बयान पर उठाए सवाल
फरहान ने ओवैसी के रामपुर में दिए बयान पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को उम्मीद नहीं थी कि ओवैसी इस तरह भाजपा के समर्थन में खड़े नजर आएंगे. फरहान ने सवाल किया कि क्या ओवैसी चाहते हैं कि मुसलमान भाजपा, नरेंद्र मोदी, अमित शाह या योगी आदित्यनाथ का समर्थन करें? उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी के बयान से भाजपा को राजनीतिक फायदा हो सकता है.
राहुल गांधी की तारीफ की
कांग्रेस प्रवक्ता ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वह जनता के मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं. फरहान ने कहा कि राहुल गांधी नहीं होते तो देश का हर राज्य गुजरात बन गया होता. उन्होंने राहुल गांधी की लड़ाई को देश को ‘काले अंग्रेजों’ से आजादी दिलाने की लड़ाई बताया.
वोट चोरी और पेपर लीक का मुद्दा उठाया
फरहान के मुताबिक, राहुल गांधी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर वोट चोरी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, पेपर लीक और महिलाओं के उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मुसलमान पहले भी महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के साथ था और आज भी उनके विचारों के साथ है. फरहान ने कहा कि मुस्लिम समाज न पहले जिन्ना के साथ था और न आज है.
इसे भी पढ़ें- कानपुर होमगार्ड भर्ती घोटाला: मेडिकल में 50 हजार मांगने वाले दो डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार, जानें मामला
ओवैसी ने मुस्लिम नेतृत्व पर दिया था जोर
रामपुर की जनसभा में ओवैसी ने कहा था कि उनकी पार्टी अब किसी नेहरू, गांधी या यादव को अपना नेता नहीं बनाएगी. उन्होंने मुस्लिम समाज के युवाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे लाने की बात कही थी. ओवैसी ने कहा था कि मुस्लिम युवाओं में भी दूसरे समुदायों के युवाओं जैसी काबिलियत है, लेकिन उन्हें पर्याप्त राजनीतिक अवसर नहीं मिलते. उन्होंने कहा था कि अब्दुल केवल दरी बिछाने के लिए नहीं, बल्कि नेता, विधायक और सांसद बनने के लिए भी आगे आएगा.

