फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में प्रेमी से फोन पर हुए विवाद के बाद एक युवती अपनी जान देने के इरादे से आगरा नहर तक पहुंच गई. धीरज नगर के पास नहर की दीवार पर खड़ी युवती को देखकर स्थानीय लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. लोगों ने बिना देर किए तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया.

पल्ला थाना क्षेत्र में हुई घटना, मां के हवाले की गई युवती

यह घटना 8 अक्टूबर की रात की है, जब युवती पल्ला थाना क्षेत्र में आगरा नहर के पास पहुंची थी. सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस की बाइक राइडर और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से युवती को सुरक्षित नहर के पास से हटाया गया और पल्ला थाने ले जाया गया. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसके परिजनों को बुलाया और युवती को उसकी मां मुकेश के हवाले कर दिया.

प्रेमी से फोन पर हुआ था विवाद

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान 24 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मेवला महाराजपुर की रहने वाली है और फिलहाल राव निहाल अपार्टमेंट में किराए पर रह रही थी. मुस्कान अपने माता-पिता से अलग रहकर सेक्टर-28 स्थित निजी कंपनी ‘नील कमल’ में काम करती है. बताया जा रहा है कि उसका बड़कल निवासी आरिफ के साथ प्रेम प्रसंग है. 8 अक्टूबर की रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर तीखी कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद वह आवेश में आकर पल्ला पुल के पास आगरा नहर पर पहुंच गई थी.

लोगों की सतर्कता से ब बची जान

नहर की दीवार पर युवती को संदिग्ध हालत में खड़ा देख राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत समझदारी दिखाई और पुलिस को फोन किया. पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयासों से उसे सुरक्षित बचा लिया गया. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संकट के समय आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना किसी की अमूल्य जान बचाने में कितनी बड़ी भूमिका निभा सकती है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m