फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद के हीरापुर गांव में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। 28 दिन पहले बेटे के जन्म पर खुशियां मनाने वाले परिवार ने शनिवार को सेना के जवान दिनेश वशिष्ठ को अंतिम विदाई दी। नवजात बेटे को देखने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहे दिनेश की सड़क हादसे में मौत हो गई। करीब 15 दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
28 वर्षीय दिनेश वशिष्ठ सेना की 48 आर्ड रेजिमेंट की 22 आरआर यूनिट में एसडब्ल्यूआर रैंक पर तैनात थे। उनकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर के बारामूला में थी। करीब सात साल पहले वह सेना में भर्ती हुए थे। चार साल पहले उनकी शादी ज्योति से हुई थी।
नवजात बेटे से मिलने घर लौट रहे थे
दिनेश के घर 28 दिन पहले बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में खुशियों का माहौल था। इसी खुशी में दिनेश छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-58 में सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें बेस अस्पताल ले जाया गया।
15 दिन तक चला इलाज, नहीं बची जान
दिनेश का करीब 15 दिन तक उपचार चला, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। तिरंगे में लिपटे जवान को अंतिम विदाई देते समय परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
जिस घर में कुछ दिन पहले बेटे के जन्म की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अब शोक है। दिनेश अपने नवजात बेटे को देखने और परिवार के साथ वक्त बिताने के लिए लौट रहे थे, लेकिन यह सफर अधूरा रह गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

