फरीदाबाद। बीके सिविल अस्पताल में खुद को विजिलेंस अधिकारी बताकर पहुंचे एक शख्स ने CMO डॉ. जयंत आहूजा को नौकरी से हटवाने की धमकी दी। आरोपी ने कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों पर रौब झाड़ने की कोशिश की। उसने CMO से कहा कि वह उनकी नौकरी खा जाएगा। शक होने पर CMO ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस बुला ली। पुलिस आरोपी को पकड़कर एनआईटी नंबर-3 चौकी ले गई।

दरअसल, अस्पताल में करीब 50 लाख रुपये के कथित डीजल घोटाले की जांच चल रही है। इसी बीच आरोपी खुद को विजिलेंस अधिकारी बताकर CMO कार्यालय पहुंचा और स्टाफ पर दबाव बनाने लगा।
डीजल घोटाले की जांच का फायदा उठाने की कोशिश
CMO डॉ. जयंत आहूजा के मुताबिक, डीजल घोटाले की जांच मुख्यालय की टीम कर रही है। आरोपी ने उनके और स्टाफ के साथ जिस तरह से बातचीत की, उससे उसकी पहचान पर संदेह हुआ। CMO को आशंका हुई कि वह अधिकारी होने का झूठा रौब दिखाकर पैसे ऐंठने की कोशिश कर सकता है। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस बुला ली।
बुलंदशहर का रहने वाला है आरोपी
एनआईटी नंबर-3 चौकी इंचार्ज मनोज के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजपाल के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर क्षेत्र का रहने वाला है। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसने फर्जी पहचान बताकर खुद को अधिकारी बताया था।
पुलिस के अनुसार, अस्पताल के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने आरोपी को पैसे नहीं दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
