फरीदाबाद। डबुआ-पाली रोड पर मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर प्रिंस कुमार की मौत हो गई। मेवला महाराजपुर निवासी प्रिंस अपने पिता अजीत यादव के साथ बाइक से गैस सिलेंडर भरवाने जा रहा था। भांखरी के पास बाइक का हैंडल डंपर से टकरा गया। इससे पिता-पुत्र सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रही जेसीबी मशीन का पहिया प्रिंस के ऊपर चढ़ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गैस सिलेंडर लेकर निकले थे पिता-पुत्र
परिजनों के अनुसार, घर में गैस खत्म होने के कारण मंगलवार को खाना नहीं बन पाया था। करीब दो बजे अजीत यादव सिलेंडर लेकर बाइक से निकले। प्रिंस भी उनके साथ पीछे बैठा था। वह सिलेंडर पकड़े हुए था।
भांखरी के पास बाइक के बराबर में एक डंपर चल रहा था। इसी दौरान बाइक का हैंडल डंपर से टकरा गया। टक्कर के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया।
सड़क पर गिरा प्रिंस, जेसीबी का पहिया चढ़ा
हादसे में अजीत यादव एक तरफ गिर गए, जबकि प्रिंस दूसरी ओर सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रही जेसीबी मशीन का पहिया प्रिंस के ऊपर चढ़ गया।
गंभीर चोट लगने से प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद जेसीबी मशीन का ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
छठी कक्षा में पढ़ता था प्रिंस
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए ईएसआइसी अस्पताल भेज दिया। शव का बुधवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
परिजनों के अनुसार, प्रिंस कुमार छठी कक्षा का छात्र था। उसके पिता अजीत यादव मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। किशोर की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
कैमरों से ड्राइवर की तलाश
डबुआ थाना पुलिस इंचार्ज सुमेर सिंह के मुताबिक, जेसीबी मशीन के ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद से ड्राइवर फरार है।
पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों और अन्य माध्यमों से ड्राइवर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

